ब्यूरो चीफ मिर्जापुर कमलेश कुमार सिंह

भैंसवार (घोरावल), सोनभद्र।

विकासखंड घोरावल के ग्राम भाईस्वर में चकबंदी प्रक्रिया में भारी अनियमितताओं और गड़बड़ियों के विरोध में ग्रामीणों का धरना प्रदर्शन लगातार चौथे दिन भी जारी रहा। यह धरना बछनार बिरबाबा देवस्थान (सिमरी हवा) पर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हो रहे हैं। इस आंदोलन का नेतृत्व भारतीय किसान यूनियन (लोक शक्ति), सोनभद्र के जिला सचिव संजय कुमार यादव कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जब तक कोई अधिकारी या जनप्रतिनिधि धरनास्थल पर आकर किसानों का ज्ञापन स्वीकार नहीं करता, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। संजय यादव ने बताया कि यह धरना 20 मई 2025 से प्रारंभ हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि जल्द ही कोई समाधान नहीं निकाला गया, तो किसान जिला मुख्यालय पर धरना देने के लिए बाध्य होंगे। यादव के अनुसार, चकबंदी अधिकारी से लेकर जिला अधिकारी तक को ज्ञापन सौंपा जा चुका है, परंतु अभी तक कोई भी अधिकारी या कर्मचारी ज्ञापन लेने धरनास्थल पर नहीं पहुंचे हैं। उन्होंने यह भी मांग की कि यदि चकबंदी अधिकारी एवं कर्मचारी जांच में दोषी पाए जाते हैं, तो उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाए, क्योंकि यह अपराध की श्रेणी में आता है। इस धरने में भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष बिरजू कुशवाहा, अवधेश कुमार उर्फ बेचू मौर्य, मन्नू लोहार, महेंद्र बीआर, मैनराज मौर्य, सदाफल यादव, रामबृक्ष कोल, जवाहिर वियार, अर्जुन यादव सहित कई अन्य किसान भी शामिल रहे।