चकिया में अवैध असलहे के साथ युवक का वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी

चंदौली। चकिया थाना क्षेत्र के अलीपुर भगड़ा गांव से एक हैरान करने वाला वीडियो (रील) सामने आया है, जिसमें एक युवक अवैध असलहे के साथ खुलेआम दबदबा दिखाते हुए नजर आ रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर वायरल हो रही इस रील में युवक “दबदबा था, दबदबा है, दबदबा बना रहेगा” जैसे भोजपुरी गाने की धुन पर हथियार लहराते हुए दिख रहा है।

वीडियो में युवक 2 नाली बंदूक के साथ एक ट्रक के सामने कुर्सी पर बैठा है और कैमरे की ओर देखकर अपने कथित प्रभुत्व का प्रदर्शन कर रहा है। हथियार और गाने के माध्यम से शक्ति प्रदर्शन का यह प्रयास कानून व्यवस्था के लिए चिंता का विषय बन गया है।

वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई। चकिया थाने के प्रभारी निरीक्षक अतुल प्रजापति ने बताया कि वीडियो में दिख रहा युवक अलीपुर भगड़ा गांव का रहने वाला हो सकता है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और वीडियो की सत्यता तथा युवक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

वीडियो की तिथि अभी स्पष्ट नहीं

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वीडियो कब शूट किया गया था। पुलिस ने यह जानकारी दी कि वायरल वीडियो की तिथि की पुष्टि की जा रही है। बावजूद इसके, सोशल मीडिया पर हो रहे तेजी से प्रसार को देखते हुए पुलिस गंभीरता से मामले में सक्रिय हो गई है और जल्द ही युवक की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।

पुलिस का सख्त संदेश

इस घटना के बाद पुलिस ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि अवैध असलहों के साथ इस तरह का प्रदर्शन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया पर कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी तत्व पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।