अनियंत्रित बाइक खाई में गिरी, युवक गंभीर रूप से घायल

पटवध (गुरमा), सोनभद्र। तेज रफ्तार और हेलमेट की लापरवाही फिर बनी हादसे की वजह

By-अवदेश गुप्ता

चोपन थाना क्षेत्र के पटवध गांव के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक अनियंत्रित बाइक रोड किनारे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से खाई से निकालकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चोपन पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल लोढ़ी के लिए रेफर कर दिया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक चालक तेज गति से वाहन चला रहा था और हेलमेट भी नहीं पहना था। जैसे ही वह पटवध गांव के पास नायरा पेट्रोल पंप के पास स्थित तीव्र मोड़ पर पहुंचा, बाइक से नियंत्रण खो बैठा और गहरे खाई में जा गिरा।

हादसे के दौरान क्षेत्र में अफरातफरी मच गई, लेकिन लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को बाहर निकाला और जन सहयोग से एंबुलेंस की व्यवस्था कर सीएचसी चोपन भेजा।

चोपन पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान जयप्रकाश (35 वर्ष) पुत्र महावीर खरवार निवासी पटवध सोनार बस्ती के रूप में हुई है। वह सुपर स्प्लेंडर बाइक (UP 64 AV 7128) चला रहा था, जो अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मोटरसाइकिल को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करा दिया है और यातायात को सामान्य रूप से बहाल कर दिया गया है।

यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और सुरक्षा के प्रति लापरवाही की चेतावनी देता है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस लगातार हेलमेट पहनने और सुरक्षित गति सीमा में वाहन चलाने की अपील कर रहे हैं, लेकिन जागरूकता की कमी ऐसे हादसों की संख्या को लगातार बढ़ा रही है।