विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर रैली व गोष्ठी आयोजित, युवाओं को नशामुक्ति का दिया संदेश

गुरमा, सोनभद्र। सदर विकास खंड क्षेत्र के अंतर्गत सलखन स्थित नशा मुक्ति केंद्र 'परख' द्वारा शनिवार को विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर एक जागरूकता रैली व गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण अंचलों में नशे के बढ़ते प्रचलन को रोकना और लोगों को इसके दुष्प्रभाव से अवगत कराना था।

इस अवसर पर संस्था के समस्त स्टाफ, काउंसलर, सोशल वर्कर तथा केंद्र में इलाजरत व्यसनी लोगों ने मिलकर सलखन बाजार, ग्रामीण क्षेत्रों व आसपास के कस्बों में जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से लोगों को तंबाकू सेवन के खतरों से अवगत कराते हुए नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।

रैली के उपरांत ‘परख’ नशा मुक्ति केंद्र के प्रांगण में एक जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। इस गोष्ठी में संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर अंगद तिवारी, काउंसलर किरण एवं पूर्णिमा, सोशल वर्कर नरेन्द्र व रमाशंकर भारती सहित अन्य वक्ताओं ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में आकर अपने भविष्य को अंधकार में डाल रही है। तंबाकू व अन्य नशीले पदार्थों का सेवन न केवल स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुंचाता है, बल्कि सामाजिक और पारिवारिक जीवन भी प्रभावित होता है।

उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा निरंतर ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नशे से मुक्ति दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को तंबाकू से होने वाली बीमारियों की जानकारी दी गई और उन्हें इससे बचाव के उपाय बताए गए।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, महिलाएं व पुरुष, संस्था के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।