तेज रफ्तार ट्रक ने ली तीन जिंदगियां: घर के बाहर बैठे ससुर, बहू और पोते की दर्दनाक मौत

बनौरा गांव में हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, चालक घायल, ट्रक जब्त

सोनभद्र, पन्नूगंज।

जिले के पन्नूगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नौगढ़-चकिया मार्ग पर रविवार शाम एक तेज रफ्तार ट्रक ने घर के बाहर बैठे एक ही परिवार के तीन लोगों को कुचल दिया। दर्दनाक हादसे में ससुर, बहू और उनका आठ वर्षीय पोता मौके पर ही मौत की नींद सो गए। घटना से पूरे गांव में कोहराम मच गया। वहीं, हादसे के बाद चालक ट्रक समेत माइनर में जा घुसा और घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक 55 वर्षीय इश्तियाक पुत्र स्व. बंधु, उनकी पुत्रवधू अफसाना (30) पत्नी शराफत और पोता अफसा (8) रोज की तरह शाम को अपने घर के सामने बैठे थे। तभी नौगढ़-चकिया मार्ग पर चंदौली की ओर से आ रहा एक बेकाबू ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और तीनों को रौंदता हुआ सड़क किनारे माइनर में जा घुसा।

हादसे की सूचना मिलते ही पन्नूगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। वहीं, घायल ट्रक चालक रिंकू, जो कि बनौरा गांव का ही रहने वाला है, को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। करीब एक घंटे तक चले जाम को मौके पर पहुंचे तहसीलदार सदर ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर समाप्त कराया। ट्रक (UP 61 AT 0722) को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

सीओ सदर रणवीर मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण चालक द्वारा वाहन पर से नियंत्रण खो देना पाया गया है। मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं और चालक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

गांव में मातम का माहौल

तीनों शवों के घर पहुंचते ही गांव में मातम पसर गया। परिवार की महिलाएं बेसुध हो गईं और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।