चीफ ब्यूरो मिर्जापुर कमलेश कुमार सिंह

भैसवार (सोनभद्र), मंगलवार।

जनपद सोनभद्र के घोरावल ब्लॉक अंतर्गत ग्राम भैसवार में चकबंदी के विरोध में किसानों का धरना प्रदर्शन मंगलवार को 28वें दिन भी जारी रहा। भारतीय किसान यूनियन (लोक शक्ति) सोनभद्र की ग्राम इकाई द्वारा देवस्थान बछनार, बिरबाबा सेमरीहवा टोला में यह धरना लगातार जारी है।

धरना प्रदर्शन का नेतृत्व ग्राम इकाई के सदस्य सिद्धनाथ मौर्य कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों में शामिल शेखर यादव ने बताया कि, “मेरे पिता ने ग्राम भैसवार में भूमि खरीदी थी, लेकिन चकबंदी विभाग द्वारा हमारी जमीन को खारिज कर दिया गया, जिससे हम बेघर हो गए हैं। अब हमारे पास रहने के लिए कोई जगह नहीं बची है।”

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन द्वारा उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे जिला मुख्यालय पर बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि भारतीय किसान यूनियन (लोक शक्ति) के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा जनपद मुख्यालय पर आंदोलन की घोषणा कर दी गई है।

शेखर यादव ने स्पष्ट किया कि, “जब तक हमारी सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक हमारा धरना जारी रहेगा।”

धरना स्थल पर सिद्धनाथ मौर्य, शेखर यादव, सदाफल यादव, संजय पाल, नौकरी बियार समेत भारी संख्या में किसान उपस्थित रहे।