हर घर जल-नल योजना कागजों तक सीमित, दलित बस्तियों में आज तक नहीं पहुंचा पानी

अवधेश कुमार गुप्ता

मारकुंडी/सोनभद्र

सोनभद्र। केंद्र और प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी हर घर जल-नल योजना ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से चलाई जा रही है, लेकिन सदर विकास खण्ड क्षेत्र के कई गांवों में यह योजना अब भी सिर्फ कागजों और विभागीय फाइलों तक सीमित नजर आ रही है। ग्रामीण इलाकों में आज भी लोग पानी की समस्या से जूझ रहे हैं, जबकि जिम्मेदार विभाग योजनाओं के सफल संचालन का दावा कर रहे हैं।

सदर विकास खण्ड क्षेत्र के मारकुंडी, राजस्व गांव अवई, सलखन समेत कई ग्रामीण अंचलों में जल-नल योजना की स्थिति बेहद खराब बताई जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बस्तियों में आज तक पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदाई तक नहीं हुई, जिससे लोगों को योजना का कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है।

दलित बस्ती में नहीं पहुंची पाइप लाइन

ग्रामीणों के अनुसार मारकुंडी राजस्व गांव अवई की दलित बस्ती में आज तक पानी सप्लाई के लिए पाइप लाइन का कार्य शुरू तक नहीं हुआ। ऐसे में वहां रहने वाले लोग आज भी पुराने संसाधनों और हैंडपंपों के सहारे पानी की व्यवस्था करने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि योजना के नाम पर केवल कागजी कार्रवाई पूरी की जा रही है, जबकि जमीनी स्तर पर कार्य न के बराबर दिखाई दे रहा है।

सलखन बाजार क्षेत्र के लोग भी वंचित

ग्रामीणों ने बताया कि सलखन गांव में कुछ चुनिंदा घरों तक ही पानी की सप्लाई पहुंच पाई है, जबकि मुख्य बाजार और सड़क किनारे रहने वाले अधिकांश परिवार आज भी योजना के लाभ से वंचित हैं।

इस संबंध में गांव के प्रबुद्ध नागरिक शारदा प्रसाद, समशेर बहादुर, हरिदास शर्मा, मनोज अग्रहरि, रामजीवान यादव, डॉ. ए.के. कुशवाहा, भोला शर्मा, खुर्शीद अहमद, बबलु भारती समेत अन्य लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ गांवों तक नहीं पहुंच पा रहा है।

स्थलीय निरीक्षण और कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का जायजा लिया जाए और जिन बस्तियों में पानी की सुविधा नहीं पहुंची है वहां जल्द पाइप लाइन बिछाकर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए।

ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी में पानी की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है, ऐसे में हर घर जल योजना का लाभ जल्द से जल्द सभी तक पहुंचाना आवश्यक है।