भालू के हमले से महिला गंभीर रूप से घायल, लकड़ी बीनने गई थी जंगल — सुकृत में फैली दहशत

सोनभद्र। सुकृत चौकी क्षेत्र के जंगल में रविवार दोपहर के वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक महिला पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि सुकृत निवासी बानो (52 वर्ष) पत्नी नायब लकड़ी बीनने के लिए रोज की तरह जंगल गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे भालू ने उन पर हमला कर दिया।

हमले में महिला के पूरे शरीर पर गहरे जख्म आ गए। भालू ने उन्हें बुरी तरह नोच डाला जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। चीख-पुकार सुनकर पास में लकड़ी बीन रही अन्य महिलाएं मौके पर पहुँचीं और शोर मचाकर किसी तरह भालू को भगाया।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुँची एम्बुलेंस टीम ने घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद मधुपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के लिए रवाना किया, जहाँ उनकी हालत नाज़ुक बताई जा रही है।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से सुकृत जंगल क्षेत्र में भालू की गतिविधियाँ बढ़ गई हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और भालू को पकड़वाने की मांग की है ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।